बाराबंकी

बरगदिया गांव में हुआ धनुष यज्ञ का आयोजन

रामनगर विधायक प्रतिनिधि लल्लन वर्मा ने की पूजा अर्चना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

 बाराबंकी। बरगदिया गांव में आयोजित ‘युवा रामलीला महोत्सव’ का समापन उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन ‘धनुष भंग’ की लीला का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए बरगदिया और आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
लीला की शुरुआत राजा जनक के दरबार से हुई, जहाँ सीता स्वयंवर के लिए देश-देशांतर के राजा एकत्र हुए थे। जब कोई भी राजा शिव के भारी-भरकम धनुष को हिला तक नहीं सका, तब राजा जनक की पीड़ा ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
इसके बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर प्रभु श्री राम ने धनुष उठाया। जैसे ही उन्होंने प्रत्यंचा चढ़ाई, धनुष भीषण गर्जना के साथ टूट गया।
धनुष टूटने के दृश्य ने पंडाल में मौजूद हर श्रद्धालु को रोमांचित कर दिया। पूरे परिसर में ‘जय श्री राम’ के नारे गूंज उठे और कलाकारों पर पुष्प वर्षा की गई। इसके बाद लक्ष्मण और परशुराम के बीच हुए संवाद ने दर्शकों को बांधे रखा। यह आयोजन ग्राम बरगदिया के समस्त ग्राम वासियों के सहयोग और युवाओं की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है। समाजवादी प्रदेश सचिव व रामनगर विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि लल्लन वर्मा ने कार्यक्रम के समापन पर भगवान के स्वरूपों की आरती की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button