बरेली
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से लाभान्वित गरीब परिवारों के घर बजी शहनाई
बेटियों के हाथ हुए पीले, 485 जोड़ों ने थामा एक दूजे का हाथ

जनप्रतिनिधियों/अधिकारियों के आर्शीवाद के साथ मिली सौगात
विवाह कार्यक्रम में 349 जोड़ों ने लिए सात फेरे, 136 जोड़ों का हुआ निकाह
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बरेली। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत जनपद बरेली में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन बरेली कॉलेज के मैदान में किया गया, जिसमें विकासखण्ड आलमपुर जाफराबाद, मझगवां, रामनगर, बहेड़ी, रिछा, फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज, शेरगढ़, नगर पालिका परिषद आंवला व बहेड़ी, नगर पंचायत बिशारतगंज, देवरनियां, रिछा, शेरगढ़, शीशगढ़, फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज, शाही के 485 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक कैण्ट संजीव अग्रवाल, विधायक बिथरीचौनपुर डॉ0 राघवेन्द्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह, ब्लाक प्रमुख फतेहगंज पश्चिमी व अन्य जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
शासन की अति महत्वांकाक्षी योजना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत बरेली कॉलेज मैदान में 485 जोड़ों का विवाह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जिसमें एक ओर जहां 349 जोड़ों ने एक दूसरे के साथ सात फेरे लिये और दूसरी तरफ 136 जोड़ों का काजी द्वारा निकाह पढ़वाया गया। मा0 जनप्रतिनिधियां एवं अधिकारियों ने सामूहिक विवाह की पावन बेला पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया व नव युगल को पवित्र गठबंधन के दाम्पत्य सूत्र के आत्मीय संबंधों के साथ गृहस्थ आश्रम में प्रवेश कर जन्म जन्मांतर के पारिवारिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के कर्तव्य निर्वहन हेतु जीवन की नई पारी पर वर-वधू को आशीर्वाद एवं शुभकामनायें दी।
मुख्यमंत्री जी की प्राथमिक योजनाओं में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन को सफल बनाने के लिए विगत कई माह से तैयारियां चल रही थी। बारातियों के स्वागत और वधु को विदाई के समय दिए जाने वाले उपहार में कहीं कोई कमी न रह जाए इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति ने हर कार्य के लिए विशेष ध्यान रखा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा देश की बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए जो संकल्प लिया गया है, उसी का परिणाम है कि आज इस प्रकार के भव्य आयोजन आयोजित हो रहे हैं, जिनमें हजारों बेटियों का विवाह गरिमामय ढंग से संपन्न कराया जा रहा है।
विधायक बिथरी चैनपुर ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री का भाव है कि वे प्रदेश के हर घर को अपना घर समझते हैं और उसी भावना से जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को हर निर्धन परिवार की बेटियों के विवाह की चिंता है, इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। विधायक कैंट ने कहा कि इसे एक अत्यंत शुभ एवं पुण्य कार्य बताते हुए माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को इस पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने नवविवाहित सभी जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके दीर्घायु, सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित जिला स्तरीय अधिकारियों व विकासखंड के अधिकारियों ने सौंपे गये दायित्वों का भली प्रकार निर्वहन किया गया।

