गोड्डा
दुर्गापुर में खेल महाकुंभ, उमड़े खेलप्रेमी
जियोन झरना क्लब की ओर से दो दिवसीय पदकंदुक प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत करणु पंचायत के दुर्गापुर गांव में बुधवार को खेल और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब जियोन झरना क्लब दुर्गापुर द्वारा आयोजित छठी दो दिवसीय पदकंदुक (फुटबॉल) प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया गया। पूरे गांव में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल था। मैदान को आकर्षक तरीके से सजाया गया था और उद्घाटन समारोह में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुखिया पति राजेंद्र टुडू, ग्राम प्रधान सुरेश मरांडी, शिक्षक बेटाराम मरांडी एवं मिथुन भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता खेलने की शुभकामनाएं दीं।अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करता है। गांव स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। उन्होंने जियोन झरना क्लब की सराहना करते हुए कहा कि लगातार छठे वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन करना क्लब की प्रतिबद्धता और गांव के खेल प्रेम को दर्शाता है।दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में आसपास के कई गांवों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों और नारों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मैच के दौरान रोमांच चरम पर रहा और हर गोल पर मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दूसरे दिन खेला जाएगा, जिसके बाद विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के आयोजन से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और वे नशे व अन्य बुरी आदतों से दूर रहते हैं। दुर्गापुर में आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल खेल का मंच है, बल्कि गांव की एकता, भाईचारे और सामूहिक प्रयास का भी प्रतीक बन चुकी है।



