
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मोदीनगर । क्षेत्र में तिबड़ा मार्ग स्थित कृष्णाकुंज कॉलोनी में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रदीप कुमार नामक युवक पर कुछ लोगों ने उस समय हमला कर दिया जब वह रात 10 बजे बाजार जा रहा था। हमलावरों में अमित, देवेन्द्र, सुनीता और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल थे।
हमले से घबराया प्रदीप जान बचाकर घर की ओर भागा, लेकिन आरोपी उसके पीछे-पीछे घर में घुस आए। आरोपियों ने धारदार हथियार से प्रदीप पर हमला कर दिया। इसी दौरान जब उसकी मां बबली बीच-बचाव के लिए आईं तो उन्हें भी पीटा गया। प्रदीप के चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि देवेन्द्र का परिवार पहले भी कॉलोनी में विवाद करता रहा है और लोगों को डराता धमकाता रहता है। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इस मामले में एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


