गोड्डा
राजाभीठा में सौ बेड वाले छात्रावास का केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने किया ऑनलाइन उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/बोआरीजोर : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत राजाभीठा स्थित सौ बेड वाले छात्रावास भवन का केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के द्वारा ऑनलाइन उद्घाटन किया गया। यह छात्रावास न केवल विद्यार्थियों के लिए एक राहत भरा ठिकाना होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता को भी मजबूती प्रदान करेगा।उक्त कार्यक्रम का आयोजन राजमहल सांसद विजय हांसदा के नेतृत्व में किया गया। मौके पर कोल्हान प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, झामुमो जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत पंडित, झामुमो क्षेत्रीय अध्यक्ष ताला बाबू हांसदा सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, शिक्षकगण, पंचायत प्रतिनिधि और आम ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह छात्रावास भवन वर्षों से लंबित था, जिसके पूर्ण होते ही अब गरीब व दूर-दराज के विद्यार्थी भी शिक्षा के मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। स्थानीय लोगों ने इस कार्य को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच और संकल्प का परिणाम बताया तथा उनके प्रति आभार जताया। झामुमो नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। राजाभीठा जैसे दूरस्थ इलाके में ऐसा छात्रावास मिलना क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है। वहीं ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस छात्रावास भवन के निर्माण के साथ ही अब राजाभीठा क्षेत्र में शिक्षा और अन्य विकास योजनाएं और तेज होगी। छात्रों को अब आने-जाने की परेशानी नहीं होगी और उन्हें एक सुरक्षित, सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।अंत में कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कार्यक्रम के समापन पर छात्रों ने झूमर नृत्य और पारंपरिक गीतों के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त की। मौके पर उपस्थित अतिथियों ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना की।


