असम में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, उपभोक्ता निश्चिंत रहें: मुख्य सचिव रवि कोटा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने बुधवार को ट्वीट कर राज्य भर में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी न होने की पुष्टि की है। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) तथा गुवाहाटी सहित असम के सभी पेट्रोल-डीजल आउटलेट्स की समीक्षा और सत्यापन के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि ओएमसी डिपो और खुदरा पंपों पर राज्य की सामान्य दैनिक आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त ईंधन स्टॉक उपलब्ध है। मुख्य सचिव ने बताया कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) ने खुदरा विक्रेताओं के लिए भुगतान शर्तों में राहत प्रदान की है। अब विक्रेता खरीद के तीन दिनों के भीतर भुगतान कर सकेंगे, जबकि पहले यह समान-दिवसीय अनिवार्य था। इससे ईंधन वितरण श्रृंखला में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी। कोटा ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आश्वस्त रहें और अपनी सामान्य आवश्यकतानुसार खुदरा आउटलेटों से ईंधन खरीदना जारी रखें। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और सामान्य जीवन जीने का आह्वान किया है। राज्य सरकार ईंधन आपूर्ति की निरंतर निगरानी कर रही है।


