नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। कालपी तहसील क्षेत्र के ग्राम चमारी निवासी पन्ना लाल पुत्र स्वर्गीय काशीराम ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को प्रार्थना पत्र भेजकर अपनी निजी भूमि पर हुए कथित अवैध कब्जे को हटाने तथा आईजीआरएस शिकायत में गलत आख्या लगाए जाने की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार पन्ना लाल ने 21 जुलाई 2026 को आईजीआरएस पोर्टल पर अपनी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी, जिसका संदर्भ संख्या 40016526014350 है। उनका आरोप है कि शिकायत की जांच उपनिरीक्षक रामसजीवन वर्मा ने की, लेकिन जांच के दौरान उन्हें बिना जानकारी दिए तथा कथित रूप से खाली कागजों पर उनके और गवाहों के हस्ताक्षर करा लिए गए और बाद में शिकायत का निस्तारण कर दिया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उनकी शिकायत पर न तो पुलिस और न ही राजस्व विभाग ने कोई प्रभावी कार्रवाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में गलत आख्या लगाकर शिकायत बंद कर दी गई, जबकि उनकी भूमि अब भी कथित अवैध कब्जे से मुक्त नहीं कराई गई है।
पन्ना लाल ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर पूर्व में दर्ज शिकायत पर दोबारा कार्रवाई कराने, कथित फर्जी आख्या की जांच कराने तथा उनकी निजी भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र के साथ पूर्व शिकायत की प्रति, विवेचना की प्रति, कथित फर्जी आख्या रिपोर्ट तथा आईजीआरएस संदर्भ संख्या से संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए हैं।


