
नोएडा । जांच में यह भी पाया गया है कि अस्पताल से जो मेमो प्राप्त हुआ था, उसमें जलने का कारण सिलिंडर फटना बताया गया था। हालांकि, आरोपी के घर से सिलिंडर फटने के कोई सबूत नहीं मिले, बल्कि वहां जलने वाला थिनर मिला था। पुलिस अब इस संदर्भ में आगे की जांच कर रही है।
ग्रेटर नोएडा के सिरासा गांव में हुए निक्की हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। आरोप है कि निक्की भाटी को उसके पति विपिन ने दहेज के लिए पहले पीटा और फिर उसे आग के हवाले कर दिया। जिस दिन यह घटना घटी, यानी 21 अगस्त को, निक्की को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां परिजनों ने सिलिंडर फटने को जलने का कारण बताया था। अस्पताल की रिपोर्ट में भी यही कारण बताया गया था। अब पुलिस अस्पताल के डॉक्टरों से बयान लेने की योजना बना रही है।
इसके अलावा, पुलिस ने मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं, और सभी तथ्यों का मिलान किया जा रहा है। यह जांच की जा रही है कि फुटेज में दिख रहे व्यक्ति विपिन हैं या कोई और। साथ ही अस्पताल के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच में यह भी पाया गया है कि अस्पताल से जो मेमो प्राप्त हुआ था, उसमें जलने का कारण सिलिंडर फटना बताया गया था। हालांकि, आरोपी के घर से सिलिंडर फटने के कोई सबूत नहीं मिले, बल्कि वहां जलने वाला थिनर मिला था। पुलिस अब इस संदर्भ में आगे की जांच कर रही है।
आरोपी विपिन के चचेरे भाई और पड़ोस में रहने वाले देवेंद्र का कहना है कि निक्की ने पहले कहा था कि वह सिलिंडर ब्लास्ट में जली है। घटना के दिन अचानक उन्होंने विपिन को शोर मचाते हुए सुना कि निक्की को तुरंत अस्पताल ले जाना है। इसके बाद हड़कंप मच गया और सभी लोग चिल्लाने लगे कि निक्की आग से झुलस गई है। अगर सीसीटीवी फुटेज देखेंगे तो पाएंगे कि जैसे ही विपिन ने शोर मचाया वह अपनी दुकान से बाहर आए। उन्होंने अपनी दुकान बंद की और तुरंत गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। उन्होंने चाचा-चाची सतवीर और दया के साथ मिलकर निक्की को अस्पताल पहुंचाया।
देवेंद्र ने यह भी बताया कि रास्ते में निक्की कह रही थी कि सिलिंडर फट गया है। वह लगातार पानी मांग रही थी और कह रही थी कि उसे सांस नहीं आ रही। उन्होंने उसे फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने डॉक्टर को भी सिलिंडर ब्लास्ट की बात बताई।
इधर, मामले की जांच कर रही कासना कोतवाली पुलिस ने जांच में पाया कि विवाद लगभग तीन साल पहले शुरू हुआ था, जब दोनों बहनों ने घर पर ही बुटीक और ब्यूटी पार्लर खोल लिया था। परिवार के लोग इस फैसले के खिलाफ थे। लेकिन दोनों बहनों ने उनकी बात न मानकर अपने शौक को आगे बढ़ाया।
आरोप है कि विपिन को घर पर ग्राहकों का आना-जाना पसंद नहीं था, जिसको लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। स्थिति और बिगड़ गई वर्ष-2024 में जब निक्की ने विपिन को जारचा गांव की एक युवती के साथ संबंध में रंगे हाथ पकड़ लिया।
युवती ने पिछले साल जारचा थाने में विपिन के खिलाफ शारीरिक शोषण का केस भी दर्ज कराया था। पिछले 10-15 दिनों से दोनों पति-पत्नी आपस में बातचीत नहीं कर रहे थे। दोनों एक ही छत के नीचे रहते थे लेकिन अलग-अलग कमरों में।
निक्की की 27 दिसंबर, 2016 में सिरसा गांव के विपिन से शादी हुई थी। निक्की की बड़ी बहन कंचन की शादी विपिन के भाई से हुई है। पिता भिकारी सिंह का आरोप है कि ससुराल वाले 35 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर निक्की को परेशान करते थे। बीते बृहस्पतिवार शाम विपिन ने मां दया के साथ मिलकर निक्की को जिंदा जला दिया था। गंभीर रूप से झुलसने पर महिला की बहन उसे पड़ोसियों की मदद से अस्पताल ले गई, दो अस्पताल बदले, लेकिन इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति विपिन भाटी, जेठ रोहित भाटी, सास दया और ससुर सतवीर लगातार 35 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांग रहे थे। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की मांग पूरी करने के लिए एक और बुलेट भी दे दी, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा। दोनों बहनों के साथ ससुराल के लोग मारपीट करते थे। कई बार पंचायत कर समझौता किया। लेकिन आरोपियों ने समझौते को नहीं माना।

