गाजियाबाद

लोनी तहसील परिसर में रामलीला आयोजकों की बैठक संपन्न, सुरक्षा पर खास जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) एवं एसीपी लोनी ने रामलीला आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। बैठक में लोनी तहसील क्षेत्र में रामलीला आयोजित करने वाले अधिकांश आयोजक उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने रामलीला में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में एसडीएम ने साफ कहा कि इस बार रामलीला में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोजक समिति को पुलिस और प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर सभी सुरक्षा प्रबंध पूरे करने होंगे।
बैठक में दिए गए मुख्य दिशा-निर्देश:
बैरिकेडिंग व भीड़ नियंत्रण: आयोजन स्थल पर उचित बैरिकेडिंग की जाएगी ताकि धक्का-मुक्की और भगदड़ की स्थिति न बने।
वालंटियर तैनाती: दर्शक क्षेत्र की लगातार मॉनिटरिंग के लिए पर्याप्त संख्या में वालंटियर लगाए जाएँगे।
अग्नि सुरक्षा: फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था स्टेज, लाइटिंग रूम और जनरेटर के पास अनिवार्य होगी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पानी के टैंक की भी व्यवस्था रहेगी।
बिजली व्यवस्था: पूरी वायरिंग अच्छी क्वालिटी के केबल से की जाए, ताकि शॉर्ट सर्किट की कोई संभावना न रहे।
महिला सुरक्षा: रामलीला में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए महिला पुलिस की ड्यूटी अनिवार्य होगी।
प्रॉपर लाइटिंग और अनाउंसमेंट सिस्टम: पूरे मैदान में पर्याप्त रोशनी और इमरजेंसी अनाउंसमेंट की सुविधा उपलब्ध कराना आयोजकों की जिम्मेदारी होगी।
एसीपी ने आयोजकों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था में चूक पाए जाने पर आयोजन समिति पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के सभी इंतजाम रामलीला शुरू होने से पहले चेक किए जाएंगे। आयोजकों ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुचारू रामलीला का आयोजन करेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button