ललितपुर
महिला से छेड़छाड़, रंगदारी और मारपीट का आरोप
पांच नामजद सहित कई पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। महरौनी थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ देर रात घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महरौनी कस्बा एक मोहल्ला में रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 अप्रैल 2026 की रात करीब 11.30 बजे वह अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान गौरव राजा, अनुज राजा उर्फ रानू, शिवाजी राजा, एक ठेकेदार और अन्य अज्ञात लोग उसके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। महिला का आरोप है कि जब वह बाहर निकली तो आरोपियों ने उसे वहां रहने के लिए 20 हजार रुपये देने की मांग की। विरोध करने पर अनुज उर्फ रानू ने उसके साथ अभद्रता करते हुए हाथ पकड़कर खींच लिया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी तोडफ़ोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पीडि़ता का कहना है कि जब उसने पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 352, 351(3), 308(4), 324(4) के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(घ) और 3(2)(व्ही.ए.) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच उच्चाधिकारी स्तर पर कराई जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।
