गाजियाबाद
श्री सचखंड नानक धाम लोनी में परम पूज्य महराज दर्शन दास जी के शहीदी दिवस पर भव्य शांति यात्राअयोजित
हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर दिया शांति और भाई चारे का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : श्री सचखंड नानक धाम की ओर से आज परम पूज्य महराज दर्शन दास जी के शहीदी दिवस के अवसर पर भव्य शांति यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा समाज में शांति, प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश फैलाने तथा महराज जी के त्याग और सेवा के आदर्शों को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से निकाली गई।
यात्रा धाम से प्रारंभ होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः श्री सचखंड नानक धाम में समाप्त हुई। श्रद्धालुओं ने हाथों में शांति और भाईचारे के संदेश वाले बैनर लेकर इसमें भाग लिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सेवक और अनुयायी शामिल हुए, जिन्होंने समाज में एकता और सौहार्द का जीवंत उदाहरण पेश किया।
कार्यक्रम के दौरान संत-महात्माओं और धाम के प्रमुख सेवादारों ने महराज दर्शन दास जी के जीवन और उनके मानवता-सेवा के कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महराज जी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिन्होंने धर्म, करुणा और समानता के मूल्यों को समाज में स्थापित किया।
शांति यात्रा के समापन पर सर्वधर्म प्रार्थना और विश्व शांति के लिए विशेष अरदास आयोजित की गई। सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने महराज जी के दिखाए मार्ग पर चलने और समाज में प्रेम एवं सद्भाव फैलाने का संकल्प लिया।



