गोड्डा

हाल में हुई बारिश के बाद खेतों में फिर से लहराई धान कि फसल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा।  बीते दिनों हुई बारिश ने गोड्डा जिले के किसानों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौटा दी है। जिले भर में धान की फसल अब खेतों में लहलहा रही है। गोड्डा में 51 हजार 500 हेक्टेयर भूमि में धान की पैदावार होती है। बोए गए धान की फसल को हाल की वर्षा से काफी राहत मिली है। पिछले कुछ हफ्तों से लगातार पड़ रही तेज उमस भरी गर्मी और नमी की कमी के कारण पौधों में पीलापन आने लगा था। इससे किसानों में उपज को लेकर चिंता बढ़ गई थी। लेकिन बारिश ने खेतों में नई जान फूंक दी है। कृषि विज्ञान केंद्र, गोड्डा के कृषि मौसम वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद राजेश ने बताया कि इस माह में अब तक 38 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 31 मिमी होती है। इससे खेतों में नमी बढ़ी है और फसलों को पर्याप्त जल उपलब्ध हुआ है। उन्होंने बताया कि फिलहाल गोड्डा में धान की फसल में बाली निकलने का समय चल रहा है, ऐसे में यह बारिश फसल के विकास के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रही है।  बारिश के अभाव में जिन खेतों में पौधे पीले पड़ गए थे, वे अब फिर से हरे-भरे दिखने लगे हैं। इससे उपज में कमी की जो आशंका जताई जा रही थी, वह अब घट गई है। किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह मौसम अनुकूल बना रहा तो इस साल धान की उपज औसत से बेहतर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों तक गोड्डा और आसपास के इलाकों में कहीं कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बूंदाबांदी हो सकती है। तापमान में भी उतार चढ़ाव रहेगा। अगर ऐसा ही मौसम रहा तो इस बार गोड्डा में धान कि बेहतर पैदावार होगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button