झुंझुनू
बामलास और हुकुमपुरा में लीज बंद करने की मांग को लेकर एससी एसटी अत्याचार विरोधी जिला संघर्ष समिति ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं। अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार विरोधी जिला संघर्ष समिति झुन्झुनूं का एक प्रतिनिधिमंडल रामानंद आर्य के नेतृत्व में जिला कलेक्टर झुंझुनूं को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर से मिलकर मांग की कि खान सुरक्षा महानिदेशालय अजमेर ने बालाजी एस के टी झुंझुनूं तथा सिध्दि विनायक ग्रेनाइट को खान आबंटित की थी। उक्त ख़ान उदयपुरवाटी तहसील के हुकुमपुरा व बामलास गांव में स्थित है। खनन क्षेत्र से पब्लिक रोड गांव की दूरी तीन सौ मीटर पर होनी चाहिए जबकि मौक़े पर दौरा करने पर पाया गया कि उक्त गांव खनन क्षेत्र से 180 मीटर पर स्थित हैं। प्रतिनिधि मंडल ने मौके पर पाया गया कि खनन से हुकुमपुरा, बामलास, खदेड़ों की ढाणी तथा खरबसों की ढाणी तथा सरहदों में पक्के मकान नलकूप बने हुए हैं उनमें ब्लास्टिंग से दरारें आ गई हैं। कुएं धंसे गए हैं। 24 घंटे ब्लास्टिंग से महिलाओं, बच्चों तथा बूढ़ों तथा गांव के जनसाधारण में भय का वातावरण बना हुआ है। मशीनों से व ब्लासटिंग की आवाज़ से जनसाधारण में भय का वातावरण बना हुआ है जिससे बच्चों की पढ़ाई ठप्प हो गई है। गांव वालों की ओर से 29 दिसंबर 2025 से रात – दिन धरना जारी है। जिसमें अधिकांश महिलाएँ, बुजुर्ग पुरुष अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्गों के हैं। अत्याचार विरोधी जिला संघर्ष समिति यह मांग करती है कि लोगों की जान -माल की सुरक्षा के लिए ख़ान को स्थाई तौर पर बंद किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक बलवीर सिंह काला, देवकरण सिंह महरिया, किशन लाल महरिया, रामनिवास भूरिया, सवाई सिंह सर्वा, पूरणमल मेघवाल, ज्ञानीराम मेघवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।



