भरत पुर
होली के त्यौहार की होने लगी तैयारियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। तमाम तरह की भ्रांतियों के बीच राजस्थान के भरतपुर संभाग में होली की तैयारियां जोरों पर है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस वर्ष फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा पर होलिका दहन 2 मार्च को होगा। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण और तिथियों में परिवर्तन के साथ भद्रा के साये के कारण होलिका दहन के समय को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बताया गया है कि पूर्णिमा तिथि 2 मार्च को शाम 5:56 बजे से शुरू होकर 3 मार्च को शाम 5:08 बजे तक रहेगी। चूंकि प्रदोष काल में पूर्णिमा 2 मार्च को पड़ रही है, इसलिए शास्त्रानुसार होलिका दहन इसी दिन करना उचित है। निर्णय सागर पंचरंग के मुताबिक भी प्रदोष बेला में शाम 6:16 बजे से रात 8:52 बजे तक होलिका दहन का शुभ मुहूर्त रहेगा। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि होलिका दहन भद्रा रहित काल में करना श्रेष्ठ होता है। यदि भद्रा अर्धरात्रि को पार कर जाए, तो भद्रा मुख को छोड़कर ‘भद्रा पुच्छ’ काल में दहन किया जा सकता है। गणना के अनुसार रात 2:38 बजे से 4:38 बजे तक भद्रा मुख रहेगा, जिसे पूरी तरह त्याज्य माना गया है। भद्रा मुख में किए गए शुभ कार्य बाधा और अशांति का कारण बन सकते हैं, जबकि भद्रा पुच्छ में किए गए कार्य मंगलकारी होते हैं।*



