गाजियाबाद

लोनी में बिजली विभाग की लापरवाही उजागर 

अधिशासी अभियंता चार दिन से कार्यालय से नदारद

मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों की उड़ाई जा रही धज्जियां, फरियादी खाली हाथ लौटने को मजबूर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : विद्युत वितरण खंड द्वितीय लोनी में उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर भारी अव्यवस्था और लापरवाही सामने आ रही है। बिजली संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे उपभोक्ता पिछले चार दिनों से अधिशासी अभियंता की तलाश में विभागीय कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अधिकारी निर्धारित समय पर लगातार कार्यालय से गायब पाए जा रहे हैं।
स्थिति यह है कि फरियादी सुबह से कार्यालय के बाहर बैठकर अधिशासी अभियंता का इंतजार करते नजर आ रहे हैं, लेकिन घंटों प्रतीक्षा के बाद भी उन्हें सिर्फ कार्यालय में रखी खाली कुर्सी ही नसीब हो रही है। हताश और परेशान लोग बिना समाधान के वापस घर लौटने को मजबूर हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याएं सुनें और उनका त्वरित निस्तारण करें। इसके बावजूद विद्युत वितरण खंड द्वितीय लोनी के अधिशासी अभियंता मुख्यमंत्री के आदेशों को खुलेआम ठेंगा दिखाते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कटौती, लो वोल्टेज, खराब ट्रांसफार्मर और बिल संबंधी समस्याओं को लेकर वे कई बार विभाग में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन जब उच्च अधिकारी ही कार्यालय में उपलब्ध नहीं होंगे तो समस्याओं का समाधान कैसे होगा। विभागीय कर्मचारियों द्वारा भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है कि अधिशासी अभियंता कब कार्यालय आएंगे।
लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि जब शासन स्तर से जनता को राहत देने के लिए जनसुनवाई के आदेश जारी किए गए हैं, तब भी जिम्मेदार अधिकारी मनमानी पर उतर आए हैं। यह न केवल प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है, बल्कि आम नागरिकों के साथ सीधा अन्याय भी है।
स्थानीय नागरिकों ने उच्च अधिकारियों और ऊर्जा विभाग के आला अफसरों से मांग की है कि लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिशासी अभियंता नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं का समाधान करें। अन्यथा, मजबूरन उपभोक्ताओं को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button