ललितपुर
आर्मी में रॉ एजेण्ट बताकर ए.एन.एम. से फेसबुक पर की दोस्ती
छह लाख रुपये लेकर फोन उठाना किया बंद, ए.एन.एम. ने दर्ज करायी एफआईआर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सोशल मीडिया के फेसबुक एकाउण्ट पर हुयी दोस्ती ने महिला को बड़ी मुश्किल में डाल दिया। दरअसल, खुद को आर्मी में रॉ का एजेण्ट बताने वाले युवक ने ए.एन.एम. पद पर तैनात महिला से दोस्ती कर छह लाख रुपये ऑनलाइन लेकर धोखाधड़ी कर दी। अब ए.एन.एम. ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ साइबर क्राइम थाना में लिखित शिकायती पत्र देकर एफआईआर दर्ज करायी है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला जालौन अंतर्गत ग्राम पिरौना में रहने वाली ममता वर्मा पत्नी अरविन्द वर्मा ने बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग के सी.एस.सी. बिरधा के उपरिया उपकेन्द्र में ए.एन.एम. पद पर कार्यरत है। बताया कि करीब 3-4 माह पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी दोस्ती एक व्यक्ति से हुयी, जिसने अपना नाम कैलाश चौधरी बताया। उक्त व्यक्ति जिसने अपना नाम कैलाश चौधरी बताया था ने खुद को आर्मी में रॉ एजेण्ट अधिकारी बताया। इसके बाद दोनों में वार्ता होने लगी और कुछ दिनों बाद अचानक से कैलाश चौधरी ने उससे कहा कि उसका बैंक खाता किसी कारण से ब्लॉक हो गया है। उसे अर्जेन्ट रुपयों की आवश्यकता है। उसकी बातों में आकर ए.एन.एम. ने हां कर दी और उसकी बातों के झांसे में आकर धोखाधड़ी कर कैलाश चौधरी नाम के युवक ने उससे 6 लाख रुपये ऑनलाइन डलवा लिये। जब उसने कुछ समय बाद अपने रुपये वापस मांगे तो उक्त व्यक्ति ने उसकी ड्यूटी जम्मू में होने की बात कहते हुये टाल दिया और अभी रुपये नहीं दे पाने की बात कही। थोड़े समय पश्चात कैलाश चौधरी नाम के युवक ने उसका फोन भी उठाना बंद कर दिया। इसके बाद ए.एन.एम. को उसके साथ हुये धोखाधड़ी की जानकारी हुयी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ए.एन.एम. की तहरीर पर उक्त व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) व सूचना प्रोधौगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 66 सी व 66 डी के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
