सिंगरौली
बाइक चालकों के लिए ‘काल’ बना अवैध मुरूम खनन, अमर माफिया पर कब लगेगा अंकुश..?

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में अवैध मुरूम खनन का खेल अब केवल राजस्व हानि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आम लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। ग्रामीण सड़कों से लेकर मुख्य मार्गों तक तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से हो रहा अवैध खनिज परिवहन बाइक चालकों और राहगीरों के लिए ‘चलता-फिरता हादसा’ साबित हो रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
खनिज विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल..?
सिंगरौली जिले के नौगढ़ मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में अवैध मुरूम खनन खुलेआम जारी होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि बिना नंबर प्लेट और बिना वैध लाइसेंस वाले चालकों द्वारा दिन-रात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मुरूम का परिवहन किया जा रहा है। जो नौगढ़ से यातायात थाना होते हुए मंगलम पैलेस मार्ग तक लगातार दौड़ते ओवरलोड वाहन लोगों में दहशत का माहौल बना रहे हैं। हाल ही में एक बाइक चालक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाल-बाल बचा, जिससे संभावित बड़े हादसे की आशंका और बढ़ गई है।
शिकायतें कई, कार्रवाई शून्य..?
जानकारी के अनुसार, इस मामले में खनिज विभाग को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की कथित चुप्पी से यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर अवैध खनन पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है। स्थानीय लोग इसे खनन माफियाओं को मिल रहे संरक्षण से भी जोड़कर देख रहे हैं। अब सवाल यह है कि क्या खनिज विभाग अवैध मुरूम खनन पर सख्त कार्रवाई करेगा? बिना नंबर और ओवरलोड ट्रैक्टरों पर कब लगेगी रोक? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस अवैध कारोबार पर कब तक लगाम लगाता है या फिर मुरूम माफिया यूं ही कानून को चुनौती देते रहेंगे।



