गोड्डा
राजाभीठा में भव्य कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय देशभक्ति व हवन कार्यक्रम का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
राजाभिठा। बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र के राजाभीठा में हिंदू युवा जागृति संघ के द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय देशभक्ति एवं हवन कार्यक्रम का शुभारंभ आज भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। इस कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल में डूब गया। कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और धार्मिक जयघोष से वातावरण गूंज उठा। इस कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में हवन, पूजा-पाठ और देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। संघ के सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता, भाईचारा और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संघ के सभी सदस्य दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का भी इस आयोजन को भरपूर समर्थन मिल रहा है, जिससे यह कार्यक्रम पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।



