जालौन

जालौन देवी मंदिर पर उमड़ा भक्तों का सैलाब

भक्ति गीतों में सराबोर हुए श्रद्धालु

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। जनपद जालौन के प्रसिद्ध जालौन देवी मंदिर में इन दिनों चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है, जहां दूर-दराज से आए हजारों भक्त माता के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख रामपुरा अजीत सिंह सेंगर द्वारा आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया है। प्रतिदिन आयोजित हो रहे इन धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालु भक्ति गीतों की गंगा में डुबकी लगाते नजर आ रहे हैं।
मान्यता है कि इस प्राचीन जालौन देवी मंदिर में महाभारत कालीन ऋषि श्रीकृष्ण द्वैपायन व्यास जी द्वारा जयंती माता के विग्रह की स्थापना की गई थी। यह स्थल साधना और तपस्या के लिए अत्यंत सिद्ध माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने पर सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यह मंदिर न केवल आम भक्तों बल्कि चंबल क्षेत्र के कुख्यात डकैतों के लिए भी आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। वर्ष भर यहां भक्तों का आवागमन बना रहता है, लेकिन नवरात्रि के दौरान यहां विशेष भीड़ उमड़ती है। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। भंडारे, जागरण और भजन संध्या जैसे कार्यक्रमों का आयोजन प्रतिदिन किया जा रहा है, जिनमें जनपद के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य लोग भी शामिल हो रहे हैं। बीती रात आयोजित भजन संध्या में मध्य प्रदेश के पन्ना से आईं प्रसिद्ध भजन गायिका शक्ति द्विवेदी, नैमिषारण्य से अभिषेक शास्त्री और जालौन के लोहई क्षेत्र के छोटू अवस्थी महाराज ने अपने मधुर भक्ति गीतों से पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। वहीं भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे क्षेत्र में “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंजायमान बना हुआ है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button