अमरोहा

गैस किल्लत पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा,लगाया जाम।

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 अमरोहा हसनपुर नगर में रसोई गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत को लेकर बुधवार की सुबह उपभोक्ताओं के सब्र का बांध टूट गया। कई दिनों से एजेंसी के चक्कर काट रहे परेशान उपभोक्ताओं ने सड़क पर खाली सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना मिलते ही बीआर अंबेडकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिग्विजय सिंह भाटी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर नाराजगी जाहिर की।
​सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी और नायब तहसीलदार मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान गैस एजेंसी संचालक दिनेश गौतम ने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा, “मैं खुद आपकी समस्या के समाधान में लगा हुआ हूं, आपसे ज्यादा परेशानी मुझे हो रही है।” उपभोक्ताओं का आरोप था कि अन्य एजेंसियों पर स्थिति सामान्य है, लेकिन इसी एजेंसी पर उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। ​प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि किसी के बहकावे में आकर कानून हाथ में न लें, गैस सिलेंडर सभी को मुहैया कराया जाएगा। अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के काफी समझाने के बाद उपभोक्ता शांत हुए और उन्होंने सड़क से जाम खोला। इसके बाद गैस वितरण के लिए उपभोक्ताओं की कई मीटर लंबी लाइन लग गई। नायब तहसीलदार ने एजेंसी संचालक को व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए हैं, जिसके बाद मामला शांत हो सका।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button