जालौन

आंधी-पानी का कहर पेड़ गिरने से युवक घायल, मकान का छज्जा क्षतिग्रस्त

तेज हवाओं में बबूल का पेड़ घर पर गिरा, प्रशासन ने मौके पर संभाला मोर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
जालौन (उरई)। ग्राम पंचायत सालाबाद में बीती रात आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने एक परिवार को भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के चलते एक बड़ा बबूल का पेड़ घर के छज्जे पर गिर गया, जिससे मकान का हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा और एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान राजकुमार धानुक (पुत्र रामशंकर) निवासी सालाबाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रात में अपने घर के बाहर टीन शेड के नीचे सो रहे थे, तभी अचानक पेड़ गिरने से छज्जे का पत्थर उनके ऊपर आ गिरा, जिससे उनके कंधे में चोट आई।इस घटना की सूचना सुबह डायल 112 को दी गई। डायल 112 द्वारा कोतवाली जालौन को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही चैकी प्रभारी आलोक पाल व थाना प्रभारी जालौन हरिशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में टीम द्वारा पेड़ को काटकर हटाने की कार्रवाई कराई गई, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सका। वहीं लेखपाल पुष्पेंद्र कुमार ने मौके का निरीक्षण कर क्षति का आंकलन किया और आवश्यक कागजी कार्रवाई करते हुए आपदा राहत के लिए प्रक्रिया प्रारंभ की। घायल के परिजन अजय (पुत्र रामशंकर) ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इस हादसे में मकान का छज्जा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रात्रि के समय तेज हवाएं, भारी बारिश और ओलावृष्टि के चलते यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में खतरनाक पेड़ों की समय रहते छंटाई या हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। गनीमत रही कि घर में मौजूद अन्य सदस्य सुरक्षित रहे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button