
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई की जा रही है। 02 अप्रैल को खनिज विभाग एवं पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही में 06 वाहन जब्त किये गये है।
उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहां ने बताया कि 02 अप्रैल को तड़के सुबह 4 बजे खनिज निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल, सुरेश कुलस्ते एवं बालाघाट पुलिस बल ने तहसील लांजी अंतर्गत ग्राम नंदोरा स्थित सर्रा नदी में आकस्मिक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान सर्रा नदी में खनिज रेत का अवैध उत्खनन करते हुए 04 ट्रैक्टरों को मौके पर ही पकड़ा गया। सभी वाहनों को जब्त कर थाना लांजी परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। ट्रैक्टर क्रमांक MP 50 ZA 1898, चालक राजकुमार, निवासी ग्राम घोटी, बिना नंबर का पावरट्रैक ट्रैक्टर, चालक मुकेश मात्रे, निवासी ग्राम कड़ता, बिना नंबर का जॉन डियर ट्रैक्टर, चालक मोहनीश दौने, निवासी ग्राम नंदोरा एवं बिना नंबर का पावरट्रैक ट्रैक्टर, चालक दुर्गेश नारनौरे, निवासी ग्राम नंदोरा को जब्त् किया गया है।
उप संचालक सुश्री फरहत जहां ने बताया कि इसी कार्रवाई के तहत ग्राम नवेगांव क्षेत्र में दो हाइवा डंपरों को भी खनिज मुरूम का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया है। मुरूम का अवैध परिवहन करने पर हाइवा क्रमांक -CG -11 -AJ -8923, चालक शेख हाशिम, निवासी सरेखा एवं हाइवा क्रमांक-GJ-08-AW-1953, चालक अफरोज खान, निवासी हीरापुर भरवेली को जब्तच किया गया है। दोनों हाइवा डंपरों को कलेक्टर कार्यालय स्थित खनिज शाखा परिसर में खड़ा कराया गया है।
प्रशासन द्वारा जब्त किए गए कुल 6 वाहनों (ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं हाइवा डंपर) पर मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।



