नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना नाराहट क्षेत्र के ग्राम बनयाना में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि रंजिश मानकर गांव के चार लोगों ने घर पर पहुंचकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर महिला सहित दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम बनयाना निवासी करनल सिंह पुत्र महेंद्रपाल सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 26 मई 2026 की शाम करीब 6.30 बजे गांव में बच्चों के खेल को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी बात को लेकर गांव के मधुराजा, पप्पी राजा पुत्रगण हरनाम सिंह तथा कप्तान सिंह और गोविंद सिंह पुत्र स्व.छविराम सिंह रंजिश मानने लगे। आरोप है कि कुछ देर बाद चारों आरोपी लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी लेकर उनके घर आ धमके और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। जब परिवार के लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। पीडि़त के अनुसार हमलावरों ने उनकी पत्नी गोरेजू तथा भतीजे बृजभान सिंह पुत्र केहर सिंह पर कुल्हाड़ी और लाठियों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, जिन्हें आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में थाना नाराहट पुलिस ने करनल सिंह की तहरीर पर मधुराजा, पप्पी राजा, कप्तान सिंह और गोविंद सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक नीरज कुमार को सौंपी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

