ललितपुर
भीषण गर्मी में राहत आधा दर्जन से अधिक निशुल्क प्याऊ का एक साथ शुभारंभ
आसरा सोशल डवलपमेंट फाउंडेशन व पं. रुद्रनारायण त्रिवेणी शर्मा मेमोरियल इंटर कॉलेज की पहल, हाईवे व ग्रामीण क्षेत्रों में मिलेगा शीतल जल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए आसरा सोशल डवलपमेंट फाउंडेशन एवं पं. रुद्रनारायण त्रिवेणी शर्मा मेमोरियल इंटर कॉलेज खड़ोवरा (रोडा) के संयुक्त तत्वावधान में एक साथ आधा दर्जन से अधिक निशुल्क प्याऊ का भव्य शुभारंभ किया गया। इन प्याऊओं के शुरू होने से जहां ग्रामीण अंचलों के साथ-साथ हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों को भीषण गर्मी में शीतल जल सुलभ हो सकेगा, वहीं इस जनसेवा कार्य की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि तपती गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और यह सेवा सीधे ईश्वर की सेवा के समान है। इस पुनीत पहल का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष पं. हरिश्चंद्र रावत एवं राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना पटेल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान राज्य महिला आयोग सदस्य अर्चना पटेल ने क्रिकेट खिलाड़ी सुरभि राजा का माला पहनकर सम्मान किया और कहा कि इस तरह बच्चों छात्र-छात्राओं को खेल से प्रगति का मार्ग बनता हैं। यह पहल न केवल समाज में सेवा भावना को बढ़ावा दे रही है, बल्कि भीषण गर्मी में जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित हो रही है। संस्था के संस्थापक/प्रबंधक पं. सुनील शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्याऊ ग्राम रोंडा, पाचौनी, बरखिरिया, कारीटोरन इमलिया, बिरारी एवं ग्राम रजवारा (जहां दो प्याऊ स्थापित किए गए हैं) में स्थापित किए गए हैं। इन सभी स्थानों पर राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए शीतल जल की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे गर्मी के दौरान लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज सेवा के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है और आगे भी ऐसे जनहितकारी कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर संस्थापक पं. सुनील शर्मा के साथ विद्यालय प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित, देवेंद्र शर्मा, वीरेंद्र प्रजापति, आयोजक केशवेंद्र सिंह रानू राजा, रौशन सिंह, पं. अरविंद दुबे, शिवम राजा, सीपू राजा, सौरभ सिंह लोधी, गजेंद्र सिंह खजरा, चाली राजा महेशपुरा, यादवेंद्र सिंह, जीवन कुशवाहा, चिन्नू राजा, शेरसिंह राजपूत, संदीप रैकवार, सौरभ राजा, क्रिकेट चैंपियन सुरभि राजा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
