पिलखुवा में स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं का हंगामा, हाइवे जाम…

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ – जनपद हापुड़ के पिलखुवा के मोहल्ला गढ़ी में स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज महिलाओं ने हाइवे पर पहुंचकर दोनों ओर से मार्ग जाम कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को मोहल्ला गढ़ी की महिलाएं अपनी समस्या लेकर एक्सईएन कार्यालय पहुंचीं, लेकिन वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं मिला। इससे नाराज महिलाएं सीधे हाइवे पर पहुंच गईं और डंडे लेकर जोरदार नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। गर्मी के बीच जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि बिजली विभाग जबरन स्मार्ट मीटर लगा रहा है और उसके बाद भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि पांच-छह हजार रुपये मासिक आय वाले परिवार इतने बड़े बिल कैसे भरेंगे। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त नोटिस के बिजली काट दी जाती है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
करीब आधे घंटे बाद अधिशासी अभियंता के कार्यालय पहुंचने की जानकारी मिलने पर महिलाओं ने हाइवे खाली कर दिया और बिजली घर पहुंचकर विरोध जारी रखा। वहां भी उन्होंने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को रखा और राहत देने की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया। फिलहाल मामला शांत है, लेकिन स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में असंतोष बना हुआ है।



