ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले पांच पहुंचे सीखचों के पीछे
कोटरा (जालौन)। कोटरा थाना पुलिस द्वारा विगत दिवस जिस दिलेरी के साथ नगर में लंबे समय से आॅन लाइन खिलवाये जा रहे सट्टा के अड्डे पर छापामार कार्यवाही को अंजाम देकर पांच लोगों को मौके से पकड़कर सीखचों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस की इस कार्यवाही जहां नगरवासियों ने सराहना की तो वहीं सटोरियों को संरक्षण देने वाले कुछ सत्तापक्ष के नेताओं को बुरा भी लगा। फिलहाल सट्टा के अड्डे को नेस्तनाबूद करने में कोटरा पुलिस की जितनी भी सराहना की जाये वह कम होगी।
गौरतलब हो कि बेतवा नदी के किनारे बसे कस्बा कोटरा में लंबे समय से कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा का अड्डा संचालित कर लोगों को अपने जाल में फांसकर उनकी गाढ़ी कमाई को लूटने में लगे हुये थे। ऐसे लोग रातों रात अच्छी खासी कमाई कर अपनी तिजोरियों को भरने में जुट गये थे। तभी कोटरा पुलिस ने मामले की भनक लगी तो पुलिस ने अपने मुखबिरों का जाल बिछाया और फिर निर्धारित रणनीति बनाकर सट्टा के अड्डे पर छापामार कार्यवाही को अंजाम दिया मौके से पांच शातिर सटोरियों को पकड़ने में सफलता मिल गयी। उनके पास कई मोबाइलों के साथ ही 37 हजार से ज्यादा की नकदी भी बरामद हुयी थी। जैसे ही उक्त मामले की जानकारी सत्ताधारी दल के कुछ नेताओं को पता चली तो वह सकते में आ गये और फिर पकड़े गये सटोरियों को छुड़वाने के लिये हाथ पैर मारने लगे। लेकिन मामला जिला मुख्यालय के पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचने से सत्ताधारी दल के नेता अपने मकसद में सफल नहीं हो पाये थे। वहीं कोटरा पुलिस की निष्पक्ष कार्यवाही की नगर के संभ्रांतजनों ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुये नगर की शांति व्यवस्था के लिये अच्छा कदम बताया था।

