जालौन
पावर परिवर्तकों में तेल भरने की प्रक्रिया शुरू
कमी दूर होने से बिजली आपूर्ति होगी बेहतर, बढ़ी राहत
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। विद्युत विभाग ने उपखंड क्षेत्र में स्थापित पावर परिवर्तकों में तेल की कमी को दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को लेकर विभागीय अधिकारी लगातार पत्राचार कर रहे थे, जिसके बाद अब जाकर कार्य शुरू हुआ है।
जानकारी के अनुसार कालपी उपखंड के अंतर्गत नगर, उसरगांव, महेवा और न्यामतपुर बिजलीघर से लगभग एक सैकड़ा गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। इन बिजलीघरों में 5 एमवीए से लेकर 10 एमवीए क्षमता तक के पावर परिवर्तक स्थापित हैं। बीते काफी समय से इन परिवर्तकों में तेल की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी, जिससे उनमें कमी आ गई थी। इसका असर उनकी कार्यक्षमता पर पड़ रहा था और उनके फुंकने का खतरा भी बढ़ गया था, जिससे विभागीय अधिकारी चिंतित थे। बताया जाता है कि इस समस्या को लेकर अधिकारियों ने कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र लिखे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। हालांकि गत 3 अप्रैल को इस मुद्दे से जुड़ी खबर के प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और खाली पड़े परिवर्तकों में तेल भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। विभागीय सूत्रों के अनुसार अब बिजली घरों में रखे पावर परिवर्तकों में तेल की कमी को तेजी से पूरा किया जा रहा है। क्षेत्रीय अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने से परिवर्तकों पर भार अधिक पड़ता है, ऐसे में तेल की कमी से आपूर्ति प्रभावित हो सकती थी। अब यह समस्या दूर होने से विद्युत आपूर्ति में सुधार की उम्मीद है।

