पाकुड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई जीत की खुशी, बिरसा मुंडा चौक पर आतिशबाजी व मिठाई वितरण
BJP workers celebrated victory in Pakur, fireworks and sweets were distributed at Birsa Munda Chowk.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। असम, पांडुचेरी एवं पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की कथित ऐतिहासिक जीत की खुशी में भाजपा पाकुड़ नगर के कार्यकर्ताओं द्वारा भगवान बिरसा मुंडा चौक पर उत्सव मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिठाई वितरण कर खुशी जाहिर की। कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष श्रीमती सरिता मुर्मू ने कहा कि यह जीत पश्चिम बंगाल में कथित तानाशाही, भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ जनता, विशेषकर मातृशक्ति की जीत है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और जनता के विश्वास का प्रतीक है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह ने कहा कि यह जीत पश्चिम बंगाल के आम मतदाता, मातृशक्ति और समर्पित कार्यकर्ताओं की जीत है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी को मजबूत करने का कार्य किया। वहीं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह ने इसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए कहा कि यह परिणाम बदलाव और जनविश्वास का संकेत है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि देश की जनता के सुशासन, विकास और विश्वास की नीति पर मुहर है। उन्होंने प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संदेश को आगे बढ़ाने की बात कही। इस अवसर पर लिट्टीपाड़ा के पूर्व प्रत्याशी बाबुधन मुर्मू, पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, उपाध्यक्ष हिसाबी राय, जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला मंत्री दिलीप सिंह, कार्यालय मंत्री सुशील साह, युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक साह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



