जालौन

यमुना नदी के कटान से बचाव को गुढ़ा-बेरा में रिटेनिंग वॉल का भूमि पूजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। विकास खंड रामपुरा क्षेत्र के यमुना नदी किनारे बसे ग्राम गुढ़ा एवं बेरा को बाढ़ और कटान से सुरक्षित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक मूलचन्द्र सिंह निरंजन ने ग्राम बेरा पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर परियोजना का शुभारंभ किया। इस दौरान ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
यमुना नदी में प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ से ग्राम बेरा एवं गुढ़ा क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित होते रहे हैं। नदी के तेज बहाव के कारण गांव के किनारों की उपजाऊ जमीन लगातार कटकर नदी में समाहित हो रही थी। कई स्थानों पर कटान इतना बढ़ गया था कि गांव और नदी के बीच की दूरी काफी कम रह गई थी, जिससे ग्रामीणों में भय का वातावरण बना रहता था। ग्रामीण लंबे समय से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे थे। क्षेत्रवासियों की मांग एवं विधायक मूलचन्द्र निरंजन के प्रयासों से शासन द्वारा लगभग 220 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल निर्माण परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। सिंचाई विभाग के अनुसार इस परियोजना की कुल लागत लगभग 6 करोड़ 87 लाख 56 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इससे पूर्व लगभग 18 माह पहले ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर के प्रयासों से 150 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल का निर्माण कराया गया था, जिस पर करीब 5 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता धर्मघोष ने बताया कि रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना के पूर्ण होने से यमुना नदी की बाढ़ और कटान से ग्राम गुढ़ा एवं बेरा को काफी हद तक राहत मिलेगी तथा ग्रामीणों की कृषि भूमि और आबादी सुरक्षित रह सकेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चैहान, विधायक प्रतिनिधि महेश राजावत, संतोष प्रजापति, भरत भदौरिया, ज्योतिष कुरोति, रामू तिवारी, सहायक अभियंता मोहम्मद खालिद, वसीम राजा, आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button