जालौन
सुगंधित सुपाड़ी कारोबारियों पर खाद्य विभाग की नजर हुई टेढ़ी
दो प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्यवाही कर सुपाड़ी का भरा नमूना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उरई (जालौन)। बुधवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार सहायक आयुक्त (खाद्य) जालौन डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद जालौन की टीम द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों विशेषकर तम्बाकू मिश्रित सुपाड़ी की रोकथाम के लिए विभागीय टीम ने क्रमशः दो प्रतिष्ठानों पर छापामर कार्यवाही को अंजाम देकर वहां पर भारी मात्रा में रखी सुगंधित सुपाड़ी का सैम्पुल भरकर जांच के लिये भेजने की बात कही। उक्त जानकारी जैसे ही गुटखा कारोबारियों को पता चली तो वह अपने ठिकानों में तालाबंदी कर रफूचक्कर हो गये।
सबसे पहले खाद्य विभाग की टीम ने अजनारी बाईपास लल्लाधाम के पास श्री बालाजी ट्रेडर्स प्रो. मनोज कुमार अग्रवाल के प्रतिष्ठान से सुगन्धित सुपाड़ी (ब्राण्ड महाशिव गोल्ड) का नमूना संग्रहित किया गया तथा स्थान कुईया रोड़ उरई पर प्रो. संजय राजपूत के प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ स्वादिष्ट सुपाड़ी (ब्राण्ड भोला शंकर) का नमूना संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। विभागीय टीम द्वारा यह अभियान लगातार जारी है और जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण चलता रहेगा। इस अवसर पर सहायक आयुक्त (खाद्य) जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार उपस्थित रहें।


