
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई। नगर पालिका परिषद उरई में भुगतान को लेकर पहुंचे एक मामले ने तूल पकड़ लिया है। शहर के राजेंद्र नगर निवासी भाजपा नेत्री मीनू मिश्रा ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और एक कर्मचारी पर अभद्र व्यवहार एवं मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
महिला द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, अगस्त 2025 में उन्होंने तिरंगा वितरण कार्यक्रम के लिए नगर पालिका को झंडों की सप्लाई की थी। आरोप है कि लंबे समय से भुगतान लंबित होने के कारण वह लगातार पालिका कार्यालय के चक्कर काट रही थीं।
गुरुवार को वह भुगतान संबंधी जानकारी लेने नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं, जहां अधिशासी अधिकारी रामअचल कुरील और टीएस गणेश प्रसाद मौजूद थे। महिला का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने भुगतान की बात उठाई, ईओ नाराज हो गए और कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनकी फाइल फेंक दी। साथ ही उन्हें कार्यालय से बाहर जाने को कह दिया।
तहरीर में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों ने कहा कि “जिन लोगों को झंडे दिए हैं, उन्हीं से भुगतान ले लो।” घटना के बाद महिला ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक संबंधित अधिकारी वहां से जा चुके थे।
पीड़िता ने कोतवाली पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



