पाकुड़ में अनमैप्ड मतदाता सूची प्रकाशित, एक सप्ताह तक चलेगा विशेष मैपिंग अभियान
Unmapped voter list published in Pakur, special mapping campaign to run for a week

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शनिवार को सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित की गई। मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगामी एक सप्ताह तक चलाया जायेगा। अभियान के तहत उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के एईआरओ ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदाता सत्यापन एवं विशेष मैपिंग कार्य का अवलोकन करते हुए संबंधित बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि कार्य को गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना एवं अपने परिवारजनों का नाम प्रकाशित सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी मतदाता का नाम अनमैप्ड पाया जाता है, तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सत्यापन एवं मैपिंग सुनिश्चित कराया जा सकता है। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी योग्य मतदाताओं का नाम संबंधित मतदान केंद्रों से सही रूप से जुड़ा रहे और निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।



