गोड्डा
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण
स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय सुविधाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता एवं मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने हेतु दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
गोड्डा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा सदर अस्पताल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई, मरीजों की देखभाल तथा विभिन्न विभागों के कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, पुरुष एवं महिला वार्ड, दवा वितरण केंद्र, पंजीकरण काउंटर सहित अस्पताल परिसर के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की स्थिति एवं विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यक दवाओं एवं जांच सुविधाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, जैव चिकित्सा अपशिष्टों के समुचित निष्पादन तथा मरीजों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को नियमित निगरानी एवं निरीक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. एससी शर्मा, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. तारा शंकर झा सहित चिकित्सक एवं संबंधित स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।



