बाराबंकी
नगर निकायों में स्वच्छता, अतिक्रमण पर डीएम के निर्देश
विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली और विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता व्यवस्था के प्रत्येक मानक पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और नालियों पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को हटाने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा।
तालाबों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नगर निकाय अपने क्षेत्र के तालाबों को अतिक्रमण मुक्त रखें। साथ ही, उनके सौंदर्यीकरण और संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने तालाबों को स्वच्छ, सुरक्षित और जनोपयोगी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना के साथ काम करने पर जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद और सभी नगर पंचायतों में प्रतिदिन शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि बकाया वसूली में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। सभी निकाय अपने निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को वार्ड स्तर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
प्लास्टिक मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जनजागरूकता के माध्यम से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल सहित नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



