जिला परिषद की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, जनहित के मुद्दों के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
Review of development works at the Zila Parishad meeting; directives issued for the prompt resolution of public interest issues.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जनसम्पर्क कार्यालय स्थित सभागार में शनिवार को जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम की अध्यक्षता में जिला परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक एवं सांसद के प्रतिनिधि तथा जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला परिषद सदस्यों द्वारा उठाए गये जनहित से जुड़े मुद्दों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं को लेकर ही सवाल उठाते हैं, इसलिए सम्बन्धित विभाग संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कार्रवाई करे। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पेयजल, भवन निर्माण, मनरेगा सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी विकास कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आम जनता को योजनाओं का समय पर लाभ उपलब्ध कराएं। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी कार्योजना पर विस्तृत चर्चा समेत जिले में चल रहे विकास कार्यों की गति बढ़ाना एवं जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना रहा।



