जालौन

कुठौंदा बुजुर्ग में कथित अनियमितताओं की जांच अभी अधूरी

डीपीआरओ बोले जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी अग्रिम कार्यवाही

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग में नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर की गई शिकायत पर जांच अभी पूरी नहीं हो सकी है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को भेजी आख्या में बताया है कि जिलाधिकारी द्वारा गठित जांच समिति से रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलते ही गुण-दोष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग निवासी गजेंद्र सिंह सेंगर ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि ब्रजमोहन के मकान से रामशरण के मकान तक कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। शिकायत में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता निम्न स्तर की होने, कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने तथा सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई गई थी। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया था कि ‘मेरी पंचायत ऐप’ पर भी कार्य की गुणवत्ता को लेकर कम रेटिंग और फीडबैक दर्ज कराया है और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। शिकायत के निस्तारण में जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद ने मुख्य विकास अधिकारी को भेजी रिपोर्ट में बताया कि ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग से संबंधित शिकायतों की जांच के लिए जिलाधिकारी के आदेश पर अपर जिला विकास अधिकारी (सहकारिता) और लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-प्रथम के अधिशासी अभियंता की दो सदस्यीय जांच समिति पहले ही गठित की जा चुकी है। रिपोर्ट में बताया गया कि जांच समिति से आख्या प्राप्त करने के लिए विभाग की ओर से पूर्व में तीन जून को पत्र भेजा गया था। इसके बाद भी जांच रिपोर्ट प्राप्त न होने तथा शिकायतकर्ता द्वारा दोबारा शिकायत किए जाने पर 24 जून को पुनः अनुस्मारक भेजकर शीघ्र जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने आख्या में स्पष्ट किया है कि जांच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद प्रकरण में तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button