रामपुर शाहबाद
आशा व आशा संगिनी ने राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की उठाई मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। ऑल आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ता सेवा समिति की ओर से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री
को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार अमित कुमार सिंह को सौंपा गया। ज्ञापन में उत्तर प्रदेश की सभी आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की गई। साथ ही सम्मानजनक मासिक मानदेय, समय से भुगतान, आयुष्मान व आभा कार्ड के कार्यों का अलग प्रोत्साहन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का कार्य दोबारा आशाओं को सौंपने तथा लंबित भुगतान शीघ्र कराने की मांग की गई। इसके अलावा संगठन ने आशा व आशा संगिनी को पेंशन, बीमा, ईएसआई, पीएफ सहित सामाजिक सुरक्षा का लाभ, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना या मृत्यु पर आश्रितों को आर्थिक सहायता व सरकारी नौकरी, कार्य के लिए आवश्यक संसाधन, 5जी मोबाइल, नियमित संवाद व्यवस्था तथा आशा संगिनी के लिए विजिट हेतु इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई। ज्ञापन देने वालों में विनीता, कीर्ति, सुशीला, अनीता शर्मा, नर्मदा, नीलम शर्मा, लक्ष्मी देवी, किरन, कमलेश, मीना, राजकुमारी, रूपा, संतोष एवं सुनीता आदि शामिल रहे।

