शामली

झिंझाना पुलिस ने 14 चोरी की बाइक बरामद कीं, तीन आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली, हरियाणा और यूपी से बाइक चोरी कर उत्तराखंड में बेचते थे आरोपी, गिरोह का एक सदस्य फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

झिंझाना। झिंझाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक बंद पड़े भट्टे से 13 और एक बाइक उनके कब्जे से बरामद की है। कुल 14 मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से बाइक चोरी कर उत्तराखंड में बेचते थे। गिरोह का एक अन्य सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को ऊन-थानाभवन मार्ग पर संत निरंकारी आश्रम के सामने चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। उनकी पहचान कांधला के मोहल्ला खेल निवासी इंतजार, खानपुर कलां निवासी रामसेवक उर्फ बबलू और झिंझाना थाना क्षेत्र के पावटी कलां निवासी इरफान के रूप में हुई। जांच के दौरान उनके कब्जे से कांधला क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई।इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ऊन-थानाभवन मार्ग स्थित एक बंद पड़े भट्टे से 13 अन्य मोटरसाइकिल बरामद कीं। बरामद बाइकों में स्प्लेंडर, प्लेटिना, पैशन और पल्सर समेत विभिन्न कंपनियों की मोटरसाइकिल शामिल हैं। कुछ बाइकों पर नंबर प्लेट भी नहीं मिली।
*मास्टर चाबी से खोलते थे बाइक के लॉक*
पुलिस के अनुसार, आरोपी मास्टर चाबी की मदद से दोपहिया वाहनों के लॉक खोलकर चोरी करते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था। बाद में उन्हें उत्तराखंड में बेच दिया जाता था और मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। बरामद बाइकों में दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से चोरी किए जाने के मामले सामने आए हैं। पुलिस अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
*एक आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस*
पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य मुर्सलीन उर्फ बटे फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ झिंझाना थाने में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कसाना, ऊन चौकी प्रभारी राहुल देशवाल, हेड कांस्टेबल राहुल अहलावत, हेड कांस्टेबल रोहित कुमार और कांस्टेबल सत्यप्रकाश शामिल रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button