शामली

पांथुपूरा को मिली उच्च प्राथमिक विद्यालय की सौगात

अब बालिकाओं को नहीं जाना पड़ेगा 8 किमी दूर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

चौसाना। क्षेत्र के छोटे से गांव पांथुपूरा के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। अब यहां के बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को उच्च प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए आठ किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। गांव स्थित गोल्ड की पब्लिक स्कूल को शासन द्वारा उच्च प्राथमिक विद्यालय की मान्यता प्रदान कर दी गई है। मान्यता मिलने की सूचना से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अब तक पांथुपूरा सहित आसपास के बच्चों को उच्च प्राथमिक शिक्षा के लिए दथेडा जाना पड़ता था, जो गांव से करीब आठ किलोमीटर दूर है। दूरी और ग्रामीण परिवेश के कारण अनेक परिवार अपनी बेटियों को आगे पढ़ाने से हिचकते थे। ऐसे में गांव में ही उच्च प्राथमिक विद्यालय की सुविधा उपलब्ध होना बालिका शिक्षा के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप सैनी ने बताया कि यह उपलब्धि गांव के लोगों के सहयोग और लंबे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उच्च प्राथमिक की मान्यता मिलने से न केवल बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, बल्कि गांव का शैक्षिक भविष्य भी मजबूत होगा।
करीब तीन हजार की आबादी वाले पांथुपूरा के अलावा प्रधान नगर, दाढ़ीनगर और डेरा साकरा जैसे आसपास के छोटे गांवों के छात्र-छात्राएं भी इस सुविधा से लाभान्वित होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की मान्यता से बेटियों की पढ़ाई बीच में छूटने की समस्या कम होगी और शिक्षा का अधिकार वास्तव में गांव तक पहुंच सकेगा।ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए शासन और विद्यालय प्रबंधन का आभार जताया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button