बरेली
जौहर विश्वविद्यालय के छात्रों से मिला समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल
बरेली में हुआ नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय का स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली/रामपुर । मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को रामपुर पहुंचा।
बरेली आगमन पर जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव एवं महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में रजऊ अड्डे पर कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, शालिनी सिंह, डॉ. जीराज सिंह, संजीव दन्नू, हाजी खालिद खां, स्मिता यादव, सुरेंद्र मिश्रा ,अशोक यादव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बरेली सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा शिक्षण संस्थान है। शिक्षा के अधिकार की रक्षा करना हमारा दायित्व है और पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है।
प्रेसवार्ता के बाद प्रतिनिधिमंडल रामपुर पहुंचा। विश्वविद्यालय परिसर में प्रतिनिधिमंडल ने धरने पर बैठे छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। नेता प्रतिपक्ष ने छात्रों को आश्वस्त किया कि शिक्षा के हित में हर संभव सहयोग किया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और जिन भवनों को लेकर नोटिस जारी हुए हैं उनका अवलोकन किया। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी से मुलाकात कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विश्वविद्यालय से संबंधित मामले में उचित कार्रवाई और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की गई।
रामपुर में नेता प्रतिपक्ष ने पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां की धर्मपत्नी डॉ. तंजीन फातिमा से भी मुलाकात की। इस दौरान अताउर रहमान, शहजिल इस्लाम, महिपाल सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।




