जालौन
नदीगांव पुलिस ने हत्या केस का किया पर्दाफाश
शराब के झगड़े में युवक ने दी दोस्त को डंडे से पीट-पीटकर मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई,(जालौन)। थाना नदीगांव पुलिस ने एक संवेदनशील हत्या के मामले का सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त आला-ए-कत्ल (डंडा) भी बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में गठित टीम ने चेकिंग के दौरान अंजाम दी।मामला दिनांक 05.07.2026 का है, जब थाना नदीगांव को सूचना मिली कि ग्राम भकरौल में सड़क किनारे खेत पर एक व्यक्ति शराब के नशे में अचेत पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो व्यक्ति मृत पाया गया। मृतक की पहचान राजकुमार बरार (पुत्र बालादीन) निवासी ग्राम भकरौल के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी श्रीमती सुमन ने थाने में चार नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, हालांकि विवेचना में असली आरोपी दूसरा निकला।गिरफ्तार आरोपी सोनू पाल उर्फ महते (पुत्र जगदीश पाल, उम्र 32 वर्ष) ने पूछताछ में बताया कि 4 जुलाई 2026 को वह मृतक राजकुमार के साथ शराब पी रहा था। शराब के नशे में राजकुमार गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर भी जब वह नहीं माना, तो आरोपी ने गुस्से में पहले उसे थप्पड़ मारा और फिर वहीं पड़े डंडे से उस पर हमला कर दिया, जिससे राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक जालौन के पर्यवेक्षण में चल रही कार्रवाई के तहत 27 जुलाई 2026 को थानाध्यक्ष नदीगांव की टीम ने आरोपी को चेकिंग के दौरान दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला-ए-कत्ल डंडा भी बरामद किया गया।


