स्वतंत्रता दिवस पर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने महेशपुर में किया ध्वजारोहण
MLA Prof. Stephen Marandi hoisted the flag in Maheshpur on Independence Day.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
महेशपुर, पाकुड़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने शनिवार को झामुमो प्रखंड कार्यालय, महेशपुर, एस.के.एम. इंटर कॉलेज सिलेमपुर तथा कॉलेज मोड़ सिलेमपुर में आयोजित समारोहों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम का आयोजन झामुमो पंचायत समिति, सिलेमपुर की ओर से किया गया। तीनों स्थानों पर देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। एस.के.एम. इंटर कॉलेज, सिलेमपुर पहुंचने पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी का माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। ध्वजारोहण के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर एवं झामुमो प्रखंड कार्यालय परिसर “वंदे मातरम्”, “जय हिंद” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि देश को अंग्रेजी शासन से स्वतंत्र कराने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। अनेक वीरों ने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, जिसके परिणामस्वरूप आज देशवासी स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। विधायक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने तथा उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने का अवसर है। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद, केंद्रीय समिति सदस्य पिंकु शेख, एसडीपीओ विजय कुमार, अंचल अधिकारी संजय कुमार सिन्हा, जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रूहुल अमीन, प्रखंड सचिव जेम्स सुशील हेंब्रम, छात्र मोर्चा जिला सचिव तौसीफ इकबाल सहित झामुमो के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक, मैईनुद्दीन अंसारी, मिल्टन शेख, जोशीमुद्दीन शेख एवं अर्थोमस हेंब्रम, प्रखंड कोषाध्यक्ष सुनील कुमार साहा, सह सचिव नसीम अहमद एवं अभिषेक कुमार सिंह, महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख शुभलक्ष्मी मुर्मू, प्रखंड उपप्रमुख नसीमा बीबी, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। समारोह में कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।



