
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा गांव स्थित साप्ताहिक हाट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।
वायरल वीडियो में व्यक्ति भगवान श्रीराम, हनुमान जी, मां दुर्गा समेत अन्य देवी-देवताओं को लेकर कथित तौर पर अपशब्दों का प्रयोग करता नजर आ रहा है। वीडियो में स्पष्ट देखा जा रहा है कि सफेद कुर्ता पजामा टोपी और बड़ी दाढ़ी रख व्यक्ति के द्वारा हिंदू देवी देवताओं पर टिप्पणी कर रहे हैं। वहीं वीडियो सार्वजनिक होने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर समाजसेवी राजेंद्र मंडल, वासुदेव मंडल तथा विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष अनूप राय समेत अन्य लोगों ने पहल करते हुए करमाटांड़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अफरोज आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा।
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की पहल से मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने और क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया गया। वहीं, घटना के संबंध में करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस मामले में कुछ भी कहने से परहेज किया।



