बरेली
छात्र सभा का छात्र न्याय मार्च, कलेक्ट्रेट पर दिया धरना
काली पट्टी बांध सड़क पर उतरे हजारों छात्र, पुलिस से नोकझोंक

सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राजपाल को 16 सूत्रीय ज्ञापन दिया
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ समाजवादी छात्र सभा ने मंगलवार को बरेली में छात्र न्याय मार्च निकाला। बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट से हजारों छात्रों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट पर धरना दिया।
जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा के नेतृत्व में छात्र नारेबाजी करते हुए कॉलेज परिसर के अंदर से पश्चिमी गेट की ओर बढ़े। रोकने पर पुलिस और कॉलेज प्रशासन से तीखी नोकझोंक हुई। बाद में छात्र ‘छात्र एकता जिंदाबाद’, ‘पेपर लीक बंद करो’ के नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और गेट पर धरने पर बैठ गए।
सिटी मजिस्ट्रेट को राज्यपाल को संबोधित 16-सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया। मुख्य मांगों में 29 हजार प्राथमिक स्कूलों की बंदी रद्द करना, छात्रसंघ चुनाव बहाली, बरेली कॉलेज पर 30 करोड़ का नगर निगम कर माफ करना, अग्निवीर योजना रद्द करना, भर्ती परीक्षाओं में 3 साल की आयु छूट, गृह मंडल में परीक्षा केंद्र और रेंट कंट्रोल कमेटी गठित करना शामिल हैं।
अविनाश मिश्रा ने कहा कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन पूरे प्रदेश में फैलेगा। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सैयद फरहान अली, महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल, गजेंद्र यादव, भुवनेश प्रधान, एजाज अहमद समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।




