बेतुल
बैतूल राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस पर आयोजित हुए महाविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम।
चित्र प्रदर्शनी, शॉर्ट वीडियो, नुक्कड़ नाटक, भाषण और निबंध प्रतियोगिता हुई संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुलताई। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुलताई में 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की 57वीं स्थापना वर्षगांठ सेवा भावना और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एन.एस.एस. की पूर्व वर्षों की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों पर आधारित शॉर्ट वीडियो का प्रदर्शन किया गया तथा चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण में एनएसएस की भूमिका से परिचित कराया गया।
इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशन, मुलताई में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से स्वच्छता, नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता एवं नागरिकों की सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया गया। उपस्थित नागरिकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना की।
भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत विद्यार्थियों में ज्ञान, चिंतन एवं अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के उद्देश्य से भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा, सामाजिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर सहभागिता की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रभारी प्राचार्य प्रो. मंसू मसराम, रा.से.यो. कार्यक्रम प्रभारी प्रो. प्रकाश कुमार गीते, महिला इकाई प्रभारी डॉ. ममता राजपूत एवं डॉ. दीपिका पिपरदे उपस्थित रहीं। मंच का प्रभावी संचालन अभिषेक हुरमाड़े द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, व्यक्तित्व विकास, राष्ट्रभक्ति एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।



