
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर गुरुवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ में ‘रन फॉर डीएवी’ दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला खेल अधिकारी राहुल कुमार ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ विद्यालय परिसर से शुरू होकर बस स्टैंड, पुलिस लाइन और डीपीएस स्कूल होते हुए निर्धारित मार्ग से गुजरी। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्शों को याद करते हुए कहा कि ‘रन फॉर डीएवी’ स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच का संदेश देता है। दौड़ के समापन पर विद्यालय के सभा भवन में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।


