पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक ने पाकुड़ में कोयला लोडिंग साइडिंग का किया निरीक्षण
Eastern Railway General Manager inspected the coal loading siding at Pakur.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडे ने बुधवार को एक दिवसीय पाकुड़ दौरे के दौरान जिले में स्थित डीबीएल-पीएसपीसीएल तथा बीजीआर-डब्ल्यूबीपीडीसीएल की कोयला लोडिंग साइडिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोयला रेक लोडिंग में आ रही परेशानियों की विस्तृत जानकारी संबंधित कंपनियों के अधिकारियों से ली। पाकुड़ पहुंचने पर पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर डीबीएल के प्रोजेक्ट हेड बृजेश कुमार, पीएसपीसीएल एवं डब्ल्यूबीपीडीसीएल की पाकुड़ इकाई के जीएम रामाशीष चटर्जी, बीजीआर के अधिकारियों तथा पीएसपीसीएल के स्थानीय एजेंट राकेश कुमार सिंह ने किया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने साइडिंग में उपलब्ध ट्रैक सुविधाओं, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, कोयला लोडिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से लोडिंग प्रक्रिया और रेक संचालन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पीएसपीसीएल, डीबीएल तथा बीजीआर-डब्ल्यूबीपीडीसीएल के अधिकारियों ने महाप्रबंधक के समक्ष प्रतिदिन सात रेलवे रेक उपलब्ध कराने की मांग रखी। अधिकारियों का कहना था कि पर्याप्त रेक उपलब्ध होने से कोयला लोडिंग की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी और लोडिंग में आ रही परेशानियों को कम किया जा सकेगा। कंपनी के अधिकारियों ने रेलवे साइडिंग का विस्तार पाकुड़ से अमड़ापाड़ा के पचवारा क्षेत्र तक करने की मांग भी रखी। इस पर पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक ने मांग पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा कंपनी के अधिकारियों को दिया। निरीक्षण के दौरान बीजीआर कोल कम्पानी के कर्मियों समेत डीबीएल कंपनी के रविंद्र यादव, राकेश चौरसिया, अजय सिंह सिसोदिया समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।



