जालौन
प्रशासन की अवैध मिट्टी, मौरंग ओवरलोडिंग पर ‘‘सर्जिकल स्ट्राइक’’ 13 सीज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय के निर्देशन में जनपद में अवैध मिट्टी एवं मौरंग खनन और परिवहन माफियाओं के विरुद्ध प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इसी क्रम में बीती रात दो बड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की गईं।
बीती रात्रि जनपद में नवनियुक्त ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जालौन रिंकू सिंह को रात्रि प्रतापुरा में अवैध मिट्टी खनन की सूचना प्राप्त हुई। रिंकू सिंह तत्काल प्रतापपुरा पर हो रहे अवैध मिट्टी खनन पर छापेमारी की गई। अवैध मिट्टी खनन में लिप्त 5 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी को पकड़कर नियमानुसार प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए कोतवाली जालौन में निरुद्ध किया गया। मौके पर राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), उमेश कुमार खनिज विभाग व कोतवाली कालपी की टीम मौजूद रही। इसी प्रकार मनोज कुमार सिंह उप जिलाधिकारी, कालपी व अवधेश कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक, कालपी के नेतृत्व में कालपी क्षेत्र में एनआर एवम् ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस सघन चेकिंग अभियान में मौरंग लदे 6 ओवरलोड ट्रक और गिट्टी से लदा 1 ओवरलोड ट्रक के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया है, यह कार्यवाही रात्रि से सुबह तक चलती रही। उक्त कार्यवाही में राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), उमेश कुमार खनिज विभाग व कोतवाली कालपी की टीम मौजूद रही। राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) के अनुसार उपरोक्त कार्यवाही में परिवहन विभाग को लगभग रुपए 9 लाख से अधिक प्रशमन शुल्क की प्राप्ति होगी। उमेश कुमार के अनुसार खनिज विभाग को लगभग रुपए 10 लाख की प्राप्ति होगी इसके अतिरिक्त वाणिज्य कर विभाग को भी बड़ी मात्रा में राजस्व की प्राप्ति होगी।


