जालौन
एसडीएम ने आवकारी विभाग संग शराब दुकानों का किया आकस्मिक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कालपी- जालौन। बुधवार को एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने आवकारी विभाग के अधिकारियों के साथ शराब की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को नियमानुसार बिक्री करने की हिदायत देते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
शराब बिक्री में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसे लेकर प्रशासनिक एवं आवकारी विभाग की टीम समय-समय पर दुकानों का निरीक्षण करती रहती है। इसी क्रम में बुधवार दोपहर एसडीएम मनोज कुमार सिंह तथा सीओ अवधेश कुमार सिंह ने आवकारी निरीक्षक के साथ बाईपास स्थित कम्पोजिट एवं देशी शराब की दुकान, साथ ही टरननगंज बाजार स्थित कम्पोजिट दुकान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों के स्टॉक, सीसीटीवी कैमरे, रेट बोर्ड एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की। अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शराब की बिक्री नियमों के विरुद्ध बिल्कुल न की जाए तथा यह भी सुनिश्चित किया जाए कि खुले स्थानों पर शराब का सेवन न हो, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसडीएम ने बताया कि शराब बिक्री में ओवररेटिंग की शिकायतें भी अक्सर प्राप्त होती रहती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी दुकानदारों को रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत ही शराब बिक्री करने की सख्त हिदायत दी गई है।


