जालौन

खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पाण्डेय के स्वागत को तैयार जालौन

बुंदेलखंडी रंग में दिखेगी जनभागीदारी की झलक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

उरई। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय के प्रस्तावित जालौन दौरे को लेकर पूरे जनपद में उत्साह और उत्सव का माहौल दिखाई दे रहा है। उनके आगमन को यादगार बनाने के लिए सामाजिक, व्यापारिक एवं राजनीतिक संगठनों ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित के नेतृत्व में नगर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को स्वागत होर्डिंग्स, बैनरों एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया है।
इस बार स्वागत कार्यक्रम को पारंपरिक बुंदेलखंडी संस्कृति और जनसहभागिता से जोड़ते हुए विशेष स्वरूप दिया गया है। मंत्री के जनपद में प्रवेश करते ही गोविन्दम चौराहे पर उनका भव्य अभिनंदन किया जाएगा, जिसके बाद ई-रिक्शाओं के माध्यम से एक स्वागत यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने के लिए बग्घियां, ऊंट, घोड़े एवं बैलगाड़ियां भी शामिल रहेंगी।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और अतिथि सत्कार की भावना को प्रदर्शित करने का अवसर होगा। नगर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार तैयार किए गए हैं तथा पुष्पवर्षा एवं अभिनंदन कार्यक्रमों की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
दौरे का मुख्य आकर्षण राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाला नागरिक सम्मान समारोह रहेगा, जहां विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा मंत्री का अभिनंदन किया जाएगा। इसके साथ ही मंत्री विभागीय योजनाओं का निरीक्षण कर सकते हैं तथा विकास भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय का पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित के आवास ‘क्षीर सागर’ पहुंचने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां वे कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं क्षेत्र के प्रमुख लोगों से भेंट करेंगे और पारिवारिक वातावरण में समय व्यतीत करेंगे। दोनों के बीच लंबे समय से आत्मीय संबंध रहे हैं, जिसके चलते इस दौरे को लेकर परिवार और समर्थकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
दौरे के समापन पर मंत्री पत्रकारों से संवाद भी करेंगे। प्रस्तावित प्रेस वार्ता में वे प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं, खाद्य एवं रसद विभाग की प्राथमिकताओं तथा जनपद के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं।
कार्यक्रम संयोजक सुदामा दीक्षित ने बताया कि मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय का जालौन से विशेष भावनात्मक जुड़ाव है। उनका यह दौरा विकास कार्यों को नई दिशा देने के साथ-साथ जनपद और शासन के बीच संवाद को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि स्वागत समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता एवं नागरिक कई दिनों से जुटे हुए हैं और बुंदेलखंड की परंपरा के अनुरूप उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button